बीएसए ने पकड़ी गंभीर अनियमितता, 4 स्कूल बिना मान्यता चला रहे थे 12वीं तक कक्षाएं, जांच में खुली पोल, नोटिस जारी, कार्रवाई तय

289

बीएसए ने पकड़ी गंभीर अनियमितता, 4 स्कूल बिना मान्यता चला रहे थे 12वीं तक कक्षाएं, जांच में खुली पोल, नोटिस जारी, कार्रवाई तय

चंदौली : जनपद में शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर शनिवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षण में चार विद्यालयों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। ये विद्यालय बिना मान्यता के ही कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई करा रहे थे।

बीएसए ने विकास खंड सदर क्षेत्र के पांच विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान आलोक इंटर कॉलेज में व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप पाई गईं, जहां कक्षा 1 से 12 तक की मान्यता के अनुसार शिक्षण कार्य संचालित हो रहा था।

8वीं तक मान्यता, लेकिन 12वीं तक पढ़ाई – नियमों की खुली अनदेखी

हालांकि, तपोवन विद्यालय, फोनिक्स स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल और सूर्या जूनियर हाई स्कूल में चौंकाने वाली गड़बड़ियां सामने आईं। इन विद्यालयों को केवल कक्षा 1 से 8 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन यहां कक्षा 9 से लेकर 12 तक की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।

निरीक्षण के दौरान जब छात्रों से बातचीत की गई, तो सामने आया कि उनका नामांकन अन्य विद्यालयों में दर्ज है, लेकिन पढ़ाई इन अवैध रूप से संचालित कक्षाओं में कराई जा रही है। यह शिक्षा नियमों का खुला उल्लंघन माना जा रहा है।

चारों स्कूलों को नोटिस

विद्यालय प्रबंधन इस संबंध में संतोषजनक जवाब देने में असफल रहा। बीएसए सचिन कुमार ने तत्काल प्रभाव से इन विद्यालयों को केवल मान्यता प्राप्त कक्षाओं तक ही सीमित रहने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही, चारों विद्यालयों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में भी बिना मान्यता के कक्षाएं संचालित होती पाई गईं, तो संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की सख्ती से हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद जनपद के अन्य निजी विद्यालयों में भी हड़कंप मच गया है। शिक्षा विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ऐसे औचक निरीक्षण और तेज किए जाएंगे, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।