ऑपरेशन दहन का बड़ा प्रहार, 40 लाख की अवैध शराब ज़मीन में दफन, बबुरी पुलिस की सख्त कार्रवाई

94

ऑपरेशन दहन का बड़ा प्रहार, 40 लाख की अवैध शराब ज़मीन में दफन, बबुरी पुलिस की सख्त कार्रवाई

चंदौली : जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत थाना बबुरी पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब का विनष्टीकरण कराया। इस दौरान कुल 12 अभियोगों से संबंधित 4419.6 लीटर अंग्रेजी, देशी व कच्ची शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस की इस सख्ती को जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

न्यायालय के आदेश पर पारदर्शिता के साथ हुआ विनष्टीकरण

पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर जनपद में चल रहे इस विशेष अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल कर रहे हैं। उनके निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण सिंह के पर्यवेक्षण में थाना बबुरी पुलिस टीम ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए यह कार्रवाई की।

जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर मानक प्रक्रिया में कराई गई कार्रवाई

शनिवार को थाना बबुरी परिसर में गठित टीम की मौजूदगी में विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। इसके तहत पहले सभी 12 अभियोगों से संबंधित जब्त अवैध शराब का सत्यापन किया गया, जिसके बाद जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर मानक प्रक्रिया के अनुसार शराब को उसमें डालकर पूरी तरह नष्ट किया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

उल्लंघन करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जनपद में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी व बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन दहन’ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

आबकारी व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम रही मौजूद

विनष्टीकरण के लिए गठित टीम में अभियोजन अधिकारी विपिन कुमार अध्यक्ष के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ जिला आबकारी विभाग की निरीक्षक कनिज फातिमा, फौजदारी लिपिक अरविंद कुमार, उप नाजिर/वरिष्ठ लिपिक राजाराम विश्वकर्मा, थाना बबुरी के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र तथा मुख्य मुंशी निरंजन प्रसाद सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।