एसआईआर के बाद चंदौली की मतदाता सूची जारी, 1.67 लाख नाम विलोपित, 70 हजार नए वोटर जुड़े

68

एसआईआर के बाद चंदौली की मतदाता सूची जारी, 1.67 लाख नाम विलोपित, 70 हजार नए वोटर जुड़े

चंदौली : विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जनपद की अंतिम मतदाता सूची शुक्रवार को जारी कर दी गई। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि अब जिले की चारों विधानसभा सीटों में कुल 13,20,890 मतदाता पंजीकृत हैं। एसआईआर से पहले यह संख्या 14,88,821 थी। पुनरीक्षण के दौरान कुल 1,67,931 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, सर्वाधिक नाम मुगलसराय विधानसभा में कटे हैं, जहां 55,171 मतदाता सूची से हटाए गए। वहीं सबसे कम सैयदराजा विधानसभा में 33,161 नाम विलोपित हुए। अन्य विधानसभाओं में सकलडीहा में 42,675 और चकिया में 36,924 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए।

विधानसभा वार मतदाता
मुगलसराय 3,69,601, सकलडीहा 3,00,850, सैयदराजा 3,06,859, चकिया 3,43,580

एसआईआर के दौरान 70,399 नए मतदाताओं का पंजीकरण भी किया गया। “नो मैपिंग” श्रेणी के मतदाताओं का विलोपन सुनिश्चित करते हुए 10 अप्रैल को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की गई।

जेंडर रेशियो में सुधार

नई सूची के मुताबिक जिले में अब 7,19,567 पुरुष, 6,01,294 महिला और 29 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। पहले जहां जेंडर रेशियो 829 था, वह अब बढ़कर 836 हो गया है।

युवा मतदाताओं में बढ़ोतरी

युवा मतदाताओं की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। पहले यह संख्या 3,413 थी, जो अब बढ़कर 14,021 हो गई है। जनपद में कुल 1,691 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

सियासी बयानबाजी तेज

मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हुए संशोधन को लेकर सियासत भी गरमा गई है। सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रियता के चलते उनके समर्थक मतदाताओं के नाम कटने से बचा लिया गया। एसआईआर के बाद जारी मतदाता सूची को लेकर अब सभी दल आगामी चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं।