धूमधाम से मनाया गया कांग्रेस का स्थापना दिवस, भाजपा सरकार पर जमकर बरसे कांग्रेसी नेता

25

धूमधाम से मनाया गया कांग्रेस का स्थापना दिवस, भाजपा सरकार पर जमकर बरसे कांग्रेसी नेता

चंदौली : ज़िला कांग्रेस कमेटी द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ज़िलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ पार्टी का स्थापना दिवस मनाया। इस दौरान कांग्रेस के झंडे फहराए गए, नारे लगाए गए और पार्टी के गौरवशाली इतिहास को याद किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज़िलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि आज़ादी की लड़ाई की विचारधारा है। कांग्रेस ने महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद और लालबहादुर शास्त्री जैसे महान नेताओं के मार्गदर्शन में देश को आज़ादी दिलाने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अन्याय, अत्याचार, दमन और हिंसा के विरुद्ध सत्य, अहिंसा, प्रेम और भाईचारे को अपना हथियार बनाया और लोकतंत्र, समानता, सामाजिक न्याय व राष्ट्रीय एकता के लिए निरंतर संघर्ष किया।

Congress's foundation day was celebrated with pomp, Congress leaders lashed out at the BJP government

उन्होंने कहा कि ऐसी ऐतिहासिक और जनहितकारी पार्टी का हिस्सा होना हम सभी के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और करोड़ों समर्थकों को स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने देश का सर्वांगीण विकास किया, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार उस विकास को तेज़ी से बर्बाद कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियां आम जनता के बजाय केवल बड़े पूंजीपतियों और अरबपतियों के हित में हैं।

Also Read: चंदौली में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, बीजेपी दफ्तर घेराव के दौरान पुलिस से तीखी नोकझोंक

देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के खिलाफ नीतियां चला रही है और समाज में नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आज देश को फिर से कांग्रेस की समावेशी, लोकतांत्रिक और जनकल्याणकारी विचारधारा वाली सरकार की जरूरत है। चंदौली सहित पूरे प्रदेश और देश से भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं को लेकर सड़कों पर संघर्ष करने और आगामी चुनावों के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर गंगा प्रसाद राम, नंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राजेंद्र गौतम, राम मूरत गुप्ता, हम्मीर शाह, नवीन पाण्डेय, दिलीप यादव, बेचन पाठक, दीनदयाल विश्वकर्मा, असगर अली, अमरदेव राम, अनिल श्रीवास्तव, राकेश पाठक, अखिलेश पाण्डेय, राकेश सिंह, संतोष चौबे, अमित सिंह, गौरव मिश्रा, मनोज सिंह, शमशेर खां सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “कांग्रेस जिंदाबाद” और “संविधान बचाओ” जैसे नारों के साथ हुआ, जिससे पूरा कांग्रेस भवन गूंज उठा।