चंदौली में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, बीजेपी दफ्तर घेराव के दौरान पुलिस से तीखी नोकझोंक

182

चंदौली में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, बीजेपी दफ्तर घेराव के दौरान पुलिस से तीखी नोकझोंक

चंदौली : नेशनल हेराल्ड और यंग इंडिया मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीजेपी दफ्तर का घेराव किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि न्यायालय के फैसले ने भाजपा सरकार की कथित बदनियती को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को फंसाकर देश की राजनीति को विपक्ष-विहीन करने का प्रयास किया, लेकिन न्यायालय ने “दूध का दूध और पानी का पानी” कर दिया। यह फैसला भाजपा सरकार के लिए करारा तमाचा है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि पिछले एक दशक से केंद्र की मोदी सरकार कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से गैरकानूनी कार्रवाइयां कर रही है, जो अब पूरे देश के सामने उजागर हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यंग इंडिया मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई दुर्भावना से प्रेरित थी, जिसे न्यायालय ने अवैध करार दिया है।

प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने का काम कर रही है, लेकिन न्यायपालिका के फैसले ने सच्चाई सामने ला दी है।

इस मौके पर मधु राय, गंगा प्रसाद, तरुण पाण्डेय, डॉ. रामधार जोसेफ, रजनीकांत पांडेय, सतीश बिंद, रामा नंद यादव, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, दया राम पटेल, अरविंद पांडेय, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, संतोष तिवारी, हम्मीर शाह, राधेश्याम यदुवंशी, शिवेंद्र मिश्रा, श्रीकांत पाठक, असगर अली, शमशाद खान, दिलीप यादव, अमलेंदु पांडेय, बदरुद्वजा अंसारी, राज किशोर सिंह, राकेश सिंह, चंद्रशेखर तिवारी, अविनाश विश्वकर्मा, नियाज़ अहमद, निखिल सिंह, प्रकाश शर्मा, संजय जायसवाल, रमेश पांडेय, पंकज तिवारी, इकबाल अहमद, शमशेर खां, रूपेश चौहान, अनिल श्रीवास्तव, आलोक श्रीवास्तव, उदय सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की, जबकि संचालन प्रवक्ता शिवेंद्र मिश्रा ने किया।