डीडीयू जंक्शन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 54 लाख के जेवरात बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
चंदौली : डीडीयू जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने शुक्रवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सोना-चांदी की तस्करी का भंडाफोड़ किया। इस दौरान RPF ने भारी मात्रा में सोना-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत ₹54 लाख से अधिक बताई जा रही है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में की गई। विशेष सीपीडीएस टीम और पोस्ट की स्पेशल टास्क टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी और योजना बनाकर उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से नौशाद खान निवासी दिलदारनगर, गाजीपुर बरामदगी 10.213 किलो चांदी, 439.370 ग्राम सोना और ₹2 लाख नकद, शशि कुमार वर्मा निवासी जतनवर, बंगालीबाड़ा, वाराणसी, बरामदगी 14.5 किलो चांदी, आकाश कुमार वर्मा निवासी मनईटाड़, धनबाद, बरामदगी 12.8 किलो चांदी बरामद हुई।
कुल मिलाकर RPF ने तीनों आरोपियों के पास से 37.513 किलो चांदी और 439.370 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹54,17,562/- आंकी गई है।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों से आभूषण और नकदी के बारे में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इससे स्पष्ट हो गया कि यह तस्करी का मामला है।
आयकर विभाग को सौंपी गई जांच
RPF ने बरामदगी की सूचना तत्काल आयकर विभाग वाराणसी को दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बरामद आभूषणों एवं नकदी को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
RPF की सतर्कता से बची बड़ी तस्करी
डीडीयू जंक्शन पर RPF की इस कार्रवाई को लेकर सुरक्षा एजेंसियों में सराहना की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह सोना-चांदी की अवैध तस्करी का बड़ा नेटवर्क हो सकता है, जिसकी जांच आयकर विभाग और अन्य एजेंसियां आगे करेंगी।


















