डीडीयू जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 61 मोबाइल बरामद
चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) पर जीआरपी (Government Railway Police) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रेलवे यात्रियों की लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से चोरी के 61 मोबाइल फोन (विभिन्न कंपनी के) बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
चलती ट्रेनों में करता था मोबाइल चोरी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजन शेख पुत्र अब्दुस्सलाम शेख, निवासी कालेज मोड़, सुल्तानगंज थाना कालिया चक जिला मालदा पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह चलती ट्रेनों और स्टेशन परिसर में यात्रियों की नजरें चुराकर मोबाइल फोन चोरी कर लेता था। इसके बाद वह इन मोबाइलों को पश्चिम बंगाल ले जाकर ऊंचे दामों में बेच देता था और अवैध रूप से धन अर्जित करता था।
रेलवे यात्रियों को बड़ी राहत
इस गिरफ्तारी से रेलवे यात्रियों ने राहत की सांस ली है। जीआरपी की इस कार्रवाई से न केवल चोरी की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है, बल्कि इससे यात्रियों का पुलिस पर भरोसा भी मजबूत हुआ है। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। संभव है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां की जाएं।
जीटीआर ब्रिज के पास हुई गिरफ्तारी
डीडीयू जीआरपी ने आरोपी को पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन के समीप स्थित जीटीआर ब्रिज के पास से गिरफ्तार किया। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर यह कार्रवाई की। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 61 चोरी के मोबाइल बरामद हुए, जिनमें से कई मोबाइल ऐसे हैं जिनकी एफआईआर पूर्व में दर्ज कराई जा चुकी थी।
जीआरपी का सराहनीय प्रयास
डीडीयू जीआरपी की इस कार्रवाई की सराहना हर तरफ हो रही है। रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की यह मुहिम न केवल अपराधियों के हौसले पस्त करेगी, बल्कि स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थाना जीआरपी डीडीयू उप निरीक्षक संदीप कुमार वर्मा, उप निरीक्षक संदीप कुमार राय, हेड कांस्टेबल पवन मिश्रा, प्रहलाद यादव, शिवलाल वर्मा शामिल रहे।


















