डीडीयू जंक्शन पर कोलकाता मेल से 28 लाख रुपये बरामद, आयकर विभाग को सौंपी गई नकदी

67

डीडीयू जंक्शन पर कोलकाता मेल से 28 लाख रुपये बरामद, आयकर विभाग को सौंपी गई नकदी

चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और आरपीएफ सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता मेल एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे दो संदिग्ध युवकों के कब्जे से 28 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद धनराशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर पूरी रकम को विधिक कार्रवाई के लिए आयकर विभाग, वाराणसी के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को डीडीयू स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान यार्ड निरीक्षक पंकज कुमार ने सूचना दी कि ट्रेन संख्या 12322 कोलकाता मेल एक्सप्रेस के एस-3 कोच की सीट संख्या 41 एवं 43 पर बैठे दो यात्री एक बैग में बड़ी मात्रा में नकदी लेकर यात्रा कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और आरपीएफ सीआईबी की संयुक्त टीम ने तत्काल ट्रेन में पहुंचकर दोनों यात्रियों की तलाशी ली। जांच के दौरान उनके बैग से 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में दोनों यात्री धनराशि के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाए।

पकड़े गए दोनों व्यक्तियों की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी राहुल सोनी (38 वर्ष) तथा पुष्प कुमार उसरेटे (23 वर्ष) के रूप में हुई है।

मामले की सूचना तत्काल आयकर विभाग, वाराणसी को दी गई। आयकर विभाग की टीम थाना जीआरपी डीडीयू पहुंची और दोनों संदिग्धों के साथ बरामद 28 लाख रुपये की नकदी को आवश्यक जांच एवं आगे की विधिक कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में ले लिया।

यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुँवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण तथा जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अनीता कुमारी और आरपीएफ सीआईबी प्रभारी निरीक्षक अर्जुन कुमार यादव के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने की। अभियान में जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी के कई अधिकारियों एवं जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।