पोखरे में डूबने से दो मासूमों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

157

पोखरे में डूबने से दो मासूमों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

चंदौली : जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र के एकौनी गांव में सोमवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक पोखरे में नहाने गए दो मासूम बालकों की डूबने से मौत हो गई। मृतक दोनों बच्चे नकटी गांव के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों को पोखरे से बाहर निकलवाया गया। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

खेलते-खेलते मौत के आगोश में समा गए मासूम

जानकारी के अनुसार, नकटी गांव निवासी अख्तर का 12 वर्षीय पुत्र ईशान और उसके पड़ोसी हरिनारायण विश्वकर्मा का 11 वर्षीय पुत्र करण सोमवार की दोपहर साथ में खेलने निकले थे। दोनों बालक एकौनी गांव स्थित एक बड़े पोखरे की ओर चले गए, जो मछली पालन के लिए प्रयोग में लाया जाता है। गर्मी के चलते दोनों बच्चों ने पोखरे में नहाने का निर्णय लिया, लेकिन वे इस बात से अनजान थे कि पोखरे का एक हिस्सा अत्यंत गहरा है।

नहाते समय दोनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास कोई न होने के कारण समय रहते उनकी मदद नहीं हो सकी। कई घंटे बीत जाने के बाद जब बच्चों का कोई अता-पता नहीं चला, तब परिजन और ग्रामीण उन्हें ढूंढते हुए पोखरे के पास पहुंचे। वहां बच्चों की साइकिल, कपड़े और बैट किनारे पर पड़े देख सभी को अनहोनी की आशंका हुई।

पुलिस शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुटी

घटना की आशंका होते ही दर्जनों ग्रामीण पोखरे में उतर गए और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को गहरे पानी से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही बबुरी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में ले लिया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल चंदौली भेज दिया गया।

गांव में पसरा मातम, हर आंख हुई नम

एक ही गांव के दो मासूम बच्चों की एक साथ दर्दनाक मौत से नकटी गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और हर आंख नम है।