जीआरपी डीडीयू को मिली बड़ी कामयाबी, 103 किलो० चांदी की सिल्ली के साथ 3 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार, कब्जे से 3 लाख 75 हजार रुपये नगद बरामद
चंदौली : थाना जीआरपी को बड़ी कामयाबी मिली है. चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1/2 से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. जिनकी तलाशी के दौरान उनके पास से 1 कुंतल 3 किलो० 119 ग्राम चांदी की सिल्ली बरामद हुई. जिसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये बताई जा रही है. वही अभियुक्तों के पास से तीन लाख 75 हजार रुपया नगद बरामद हुआ है. गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि चांदी की सिल्ली को लेकर वाराणसी से पश्चिम बंगाल जा रहे थे. गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार यादव उम्र (35 वर्ष) पुत्र स्व० मार्कण्डेय यादव निवासी 5/8 देवी थाना लिलुआ दजीला हावड़ा पश्चिम बंगाल, सुदीप्तो मंडल उम्र (29 वर्ष) पुत्र सुकुमार मंडल निवासी मुखली थाना मौगरा हाट जिला साउथ पश्चिम बंगाल व अभिजीत मंडल उम्र (28 वर्ष) पुत्र गोपाल मंडल निवासी हेरिया थाना मौगरा हाट पश्चिम बंगाल के निवासी बताए गए. वही जीआरपी ने आयकर टीम को बरामद चांदी की सिल्ली व बरामद नगद रुपया को सुपुर्द कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है.
इस बाबत सीओ जीआरपी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर जीआरपी इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने प्लेटफार्म संख्या 1/2 पर तीन संदिग्ध युवकों को देखा. जो जीआरपी कर्मियों को देखकर नजरे चुरा रहे थे. ऐसे में जीआरपी के जवानों ने उनके पास मौजूद पिट्ठू बैगों की तलाशी ली. जिसमें से भारी मात्रा में चांदी के सिल्ली बरामद करने के साथ ही उनके पास से तीन लाख पचहत्तर लाख रुपया नगद बरामद किया. पूछताछ के दौरान पता चला कि सभी 1 क्विंटल 3 किलो 119 ग्राम चांदी कोलकाता ले जा रहे थे. जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई. वही चांदी की सिल्ली व बरामद रुपयों के संबंध में उनके पास किसी प्रकार के कोई कागजात मौजूद नहीं थे. इसके बाद सभी संदिग्धों को थाने ले आया गया और इसकी सूचना आयकर टीम को दी गई. वही बरामद चांदी की सिल्ली व रुपया को आयकर टीम को सुपुर्द कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, थाना जीआरपी डीडीयू, उप निरीक्षक संदीप राय, महिला उप निरीक्षक अर्चना मीणा, हेड कांस्टेबल निर्भय सिंह, शक्ति सिंह, अनिल तिवारी, कांस्टेबल विनय प्रताप सिंह, राहुल यादव, रुपेश पाण्डेय, राकेश सिंह शामिल रहे.


















