डीडीयू स्टेशन पर शराब तस्करी का भंडाफोड़, तीन तस्कर गिरफ्तार
चंदौली : बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर बाज नहीं आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश से शराब ले जाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की साजिश एक बार फिर बेनकाब हुई है। जीआरपी डीडीयू ने सोमवार तड़के डीडीयू रेलवे स्टेशन पर तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 49 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है। यह कार्रवाई स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1/2 के पास सुबह करीब साढ़े चार बजे की गई। तीनों युवक बैग और झोले लेकर संदिग्ध रूप से घूमते नजर आए। पुलिस ने जब तलाशी ली तो उनमें अंग्रेजी और देशी शराब की सैकड़ों शीशियां मिलीं।
ये हुई बरामदगी
तस्करों के पास से 8 PM ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 72 शीशियां (180 मि.ली.) और मसालेदार देशी शराब की 180 शीशियां (200 मि.ली.) मिलीं। कुल शराब की मात्रा करीब 49 लीटर आंकी गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 16,941 रुपया बताई जा रही है।
पकड़े गए तस्करों की पहचान
गिरफ्तार युवकों की पहचान न्यूटन कुमार (26 वर्ष), सतीश कुमार (27 वर्ष) और सन्नी कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के पटना जिले के थाना दबहट अंतर्गत ग्राम दविप के निवासी हैं। पूछताछ में युवकों ने कबूल किया कि वे उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर ट्रेन के जरिए बिहार ले जाते हैं और वहां ऊंचे दामों पर बेचते हैं। शराबबंदी के चलते बिहार में इसकी अच्छी कीमत मिलती है।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना जीआरपी डीडीयू में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
इनकी रही अहम भूमिका
गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल दीपेन्द्र मिश्रा, हेड कांस्टेबल मनोज सिंह, आरपीएफ के उपनिरीक्षक विजय बहादुर राम, उप निरीक्षक सतीश कुमार सिंह (CIB) और कांस्टेबल श्रीभगवान सिंह (CPDS टीम) शामिल रहे।
रेलवे पुलिस की सतर्कता के चलते शराब तस्करी की एक और बड़ी कोशिश नाकाम हो गई। अधिकारियों ने कहा है कि ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


















