डीडीयू स्टेशन पर पकड़ाए 10 शराब तस्कर, 2.5 लाख की अंग्रेजी शराब बरामद

80

डीडीयू स्टेशन पर पकड़ाए 10 शराब तस्कर, 2.5 लाख की अंग्रेजी शराब बरामद

चंदौली : डीडीयू रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 427.71 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए सभी युवक बिहार के रहने वाले हैं।

रेलवे पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक शराब लेकर स्टेशन क्षेत्र के सिकुड़िटांगा इलाके में इकट्ठा हुए हैं और ट्रेन के जरिए बिहार भेजने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर देर रात करीब 12:50 बजे दबिश दी और सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

अवैध शराब के साथ ये चीजें हुईं बरामद

तस्करों के पास से 13 बैग, 4 पेटियां, 5 झोले और 1 ट्रॉली बैग में रखी गई कुल 427.71 लीटर शराब जब्त की गई। इसमें 8PM, आफ्टर डार्क, अमेरिकन प्राइड, रॉयल स्टैग, ब्लेंडर प्राइड और सिग्नेचर ब्रांड की बोतलें शामिल हैं। सभी शराब की बोतलें 180ml से लेकर 750ml तक की थीं।

ट्रेन से बिहार ले जाई जा रही थी शराब की खेप

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे और वहां ऊंचे दामों पर बेचते थे। बिहार में शराबबंदी के चलते अवैध शराब की भारी मांग है, जिससे ये लोग अच्छा मुनाफा कमा रहे थे।

गिरफ्तार आरोपी

सोनू राय, रंजीत कुमार, ऋषिराज, राहुल चौधरी, सत्यम कुमार, राहुल कुमार, मनीष कुमार, राजकुमार, करन कुमार और गोविन्द कुमार इन सभी की उम्र 19 से 23 वर्ष के बीच है। ये सभी पटना सहित बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में जीआरपी थाने के उप निरीक्षक संदीप कुमार राय, आरपीएफ के उप निरीक्षक मुकेश कुमार सहित जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक रेलवे ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि शराब तस्करी पर लगाम लगाई जा सके।