राजघाट पुल मरम्मत के चलते 20 दिसंबर से 13 जनवरी तक यातायात डायवर्जन

181

राजघाट पुल मरम्मत के चलते 20 दिसंबर से 13 जनवरी तक यातायात डायवर्जन

चंदौली : वाराणसी-चंदौली को जोड़ने वाले मोहनसराय-दीनदयाल उपाध्याय मार्ग (कैंट से पड़ाव मार्ग) स्थित मालवीय पुल (राजघाट पुल) पर ड्रेनेज स्पाउट एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत के कारण 20 दिसंबर 2025 से 13 जनवरी 2026 तक दिन-रात यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। यह जानकारी यातायात पुलिस, जनपद चंदौली द्वारा दी गई।

मरम्मत कार्य के दौरान पड़ाव चौराहे से नमो घाट की ओर केवल पैदल व दोपहिया वाहनों का संचालन अनुमन्य रहेगा। वहीं स्कूल बसों का संचालन नमो घाट से पड़ाव की ओर प्रातः 9 से 10 बजे तक तथा पड़ाव से नमो घाट की ओर दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक किया जा सकेगा। इस अवधि में चंदौली जनपद से आने-जाने वाले ऑटो, ई-रिक्शा, चारपहिया वाहन, एम्बुलेंस एवं स्कूल बसों का आवागमन सामने घाट पुल से होगा।

यातायात पुलिस के अनुसार निर्धारित शर्तों के अतिरिक्त राजघाट एवं सामने घाट पुल से समस्त प्रकार के सवारी वाहन तथा हल्के व भारी मालवाहकों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। राजघाट पुल पर दोपहिया वाहनों एवं निर्धारित समय में स्कूल बसों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

मरम्मत अवधि के दौरान चंदौली से वाराणसी एवं वाराणसी से चंदौली की ओर आने-जाने वाले हल्के व भारी मालवाहक एवं बसें रामनगर चौराहा, टेंगड़ामोड़, विश्व सुंदरी पुल, डाफी टोल प्लाजा, अमरा अखरी, मोहनसराय, पंचपेडवा रिंग रोड होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगी।

यातायात पुलिस ने बताया कि स्कूल बसों के संचालन के समय संबंधित विद्यालय प्रशासन द्वारा पुलिस से समन्वय स्थापित किया जाएगा। वहीं 19 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक यातायात व्यवस्था का ड्राई रन कराया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।