युवाओं के जोश से गूंजा धानापुर खेल मैदान, मनोज सिंह डब्लू ने निभाया वादा
चंदौली : सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं और उनके भविष्य से जुड़े वादों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। धानापुर क्षेत्र में युवाओं से की गई दौड़ प्रतियोगिता कराने की घोषणा मौसम की बेरुखी के चलते पहले टल गई थी, लेकिन आज उसे पूरा कर युवाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाई गई। धानापुर स्थित अमरवीर इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में क्षेत्र के सैकड़ों युवा उमड़ पड़े। युवाओं के जोश, उत्साह और अनुशासन ने यह साफ कर दिया कि यदि उन्हें सही अवसर और मंच मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
सरकार की नाकामी से टूटे युवाओं के सपने
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि आज का युवा मेहनती है, प्रतिभाशाली है, बस उसे आगे बढ़ने के लिए अवसर की जरूरत है, जिसे उपलब्ध कराने में वर्तमान सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि जिन जनप्रतिनिधियों को युवाओं और उनके परिवारों ने वोट देकर सत्ता सौंपी, वे युवाओं को देश सेवा का अवसर देने में नाकाम साबित हुए हैं। सेना भर्ती जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया ठप होने से हजारों युवाओं के सपने टूटे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवाओं के अधिकार और उनके भविष्य की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी।
सत्ता में लौटते ही सेना भर्ती बहाल होगी
पूर्व विधायक ने मंच से ऐलान किया कि सत्ता में लौटने के बाद युवाओं के लिए पुनः सेना भर्ती की प्रक्रिया को सुचारु कराया जाएगा, ताकि देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं को अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा, खेल सुविधाएं और रोजगार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
दौड़ प्रतियोगिता में बाबूलाल और मनीषा राय रहे अव्वल
कार्यक्रम के दौरान बालक एवं बालिका वर्ग में छह-छह राउंड की रोमांचक दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में चनहटा के बाबूलाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी को प्रभावित किया, जिन्हें पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू द्वारा मोटरसाइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं बालिका वर्ग में जमुनीपुर की मनीषा राय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जिन्हें स्कूटी देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कारों की बरसात से बढ़ा उत्साह
इसके अलावा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह बालक और छह बालिकाओं को साइकिल प्रदान की गई। द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड, मेडल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पूर्व विधायक ने युवाओं को आश्वस्त किया कि अगले वर्ष इस दौड़ प्रतियोगिता को और भी भव्य रूप दिया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि अगली बार 25 बालक एवं बालिकाओं को साइकिल, तथा पांच युवक एवं पांच युवतियों को मोटरसाइकिल प्रदान की जाएगी। साथ ही दौड़ में अव्वल आने वाले बालक एवं बालिकाओं को चार पहिया वाहन देने की भी घोषणा की गई, जिस पर उपस्थित युवाओं ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। इस अवसर पर रामजनम यादव, रमेश यादव, मेराज खान लड्डू, शाहआलम खान, जानकी यादव, सहरेआलाम खान, रामधनी यादव, संदीप गुप्ता, अखिलेश सिंह, सूर्यपाल सिंह, रजनीश सिंह, सुरेश यादव, रामदुलारे कनौजिया, महंगु राम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन आतिफ खान ने किया।
कुल मिलाकर, यह दौड़ प्रतियोगिता न केवल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का मंच बनी, बल्कि उनके आत्मविश्वास और भविष्य के सपनों को नई उड़ान देने का संदेश भी दे गई।


















