किसानों के धान की खरीद को लेकर सियासत गरम, मनोज सिंह डब्लू ट्रैक्टरों संग पहुंचे नवीन मंडी

76

किसानों के धान की खरीद को लेकर सियासत गरम, मनोज सिंह डब्लू ट्रैक्टरों संग पहुंचे नवीन मंडी

चंदौली : धान खरीद को लेकर सोमवार को सियासी तापमान चढ़ गया। किसानों के धान की खरीद सुनिश्चित कराने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सड़क पर उतर आए। धान से लदे ट्रैक्टरों के साथ वह सैयदराजा स्थित अपने आवास से नवीन मंडी के लिए रवाना हुए। जैसे ही उनका काफिला हाईवे पर आगे बढ़ा, पुलिस ने उन्हें रोक लिया और नोटिस तामील करते हुए आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। हालांकि किसानों के हितों का हवाला देते हुए मनोज सिंह डब्लू मंडी पहुंचने में सफल रहे।

मंडी में बढ़ी हलचल, तौल प्रक्रिया शुरू

नवीन मंडी में पहले से मौजूद डिप्टी आरएमओ ने हालात संभाले हुए थे। पूर्व विधायक के पहुंचते ही धान की तौल प्रक्रिया तेज कर दी गई। प्रशासन की मौजूदगी में किसानों का धान खरीदा जाने लगा। हालांकि इस दौरान आरोप भी लगे कि दबाव में आकर कुछ किसानों का अंगूठा बिना विधिवत तौल के ही लगवा दिया गया। इसे लेकर नियमों के पालन पर सवाल उठने लगे।

किसान की मजबूरी बनी आंदोलन की वजह

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि धान उत्पादन के लिए प्रसिद्ध जिले में किसान अपनी उपज बेचने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक किसान अपनी बेटी की शादी के लिए धान बेचने की मजबूरी लेकर उनके पास पहुंचा था। धान की बिक्री न होने से उसकी बेटी की शादी अधर में लटकी हुई है।

उन्होंने कहा कि किसानों की वेदना से आहत होकर उन्होंने आह्वान किया, ताकि प्रशासन के जरिए धान की खरीद सुनिश्चित कराई जा सके। यदि प्रशासन खरीद नहीं करता, तो स्वयं तौल कराकर भुगतान सुनिश्चित किया जाता।

“क्रय केंद्र बन गए हैं लूट केंद्र”

मनोज सिंह डब्लू ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि क्रय केंद्र “लूट केंद्र” बन गए हैं। प्रति बोरा अधिक उपज ली जा रही है। अंगूठा लगाने के नाम पर 250 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। किसानों को अंगूठा लगाने के लिए दो-दो महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने ट्रैक्टर रोकने में जितनी तत्परता दिखाई, यदि उतनी सक्रियता धान खरीद में दिखाई जाती तो ऐसी नौबत नहीं आती।

प्रशासन का आश्वासन

प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर पुलिस की तैनाती की थी, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। डिप्टी आरएमओ स्वयं मंडी परिसर में मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जिन किसानों को विभिन्न स्थानों पर रोका गया है, उनके धान की तौल और अंगूठा लगाने की प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही 28 फरवरी तक शेष किसानों के धान की खरीद पूरी कर ली जाएगी।

किसानों में राहत, पर सवाल बरकरार

एक किसान ने बताया कि उसका अंगूठा लग गया है और अब धान की तौल की जा रही है। उसने कहा कि वह लंबे समय से परेशान था और कई प्रयासों के बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी। पूर्व विधायक की मौजूदगी में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ने से किसानों में राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि नियमों के पालन और पारदर्शिता को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। धान खरीद को लेकर चंदौली की यह हलचल आने वाले दिनों में सियासी रंग और गहरा कर सकती है।