पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू बोले- अब पत्रकार राकेश यादव की बेटियों की जिम्मेदारी मेरी
चंदौली : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू शुक्रवार को जसौली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में दिवंगत हुए वरिष्ठ पत्रकार राकेश चन्द्र यादव के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने स्वर्गीय राकेश यादव के असामयिक निधन को पत्रकारिता जगत के साथ ही अपनी निजी क्षति बताते हुए कहा कि उनकी कमी को कोई पूरा नहीं कर सकता।
मनोज सिंह डब्लू ने शोकाकुल परिजनों से भेंट के दौरान कहा कि स्वर्गीय राकेश यादव ने अपने जीवनकाल में पत्रकारिता के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का काम किया। वह सच्चे अर्थों में जनसरोकारों के प्रहरी थे, जिन्होंने गरीबों, वंचितों और शोषितों की आवाज को निडरता से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि राकेश यादव का जाना केवल एक पत्रकार का जाना नहीं, बल्कि समाज के एक सजग प्रहरी का मौन हो जाना है।
पूर्व विधायक ने इस दौरान दिवंगत पत्रकार के पिता श्यामा प्रसाद यादव सहित अन्य परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा अब राकेश भाई की दोनों बेटियों की जिम्मेदारी मेरी है। एक बेटी की शादी का और दूसरी की नौकरी का दायित्व मैं स्वयं निभाऊंगा। यही उनके प्रति मेरी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि राकेश यादव न केवल एक निर्भीक पत्रकार थे बल्कि एक जिंदादिल और संवेदनशील इंसान भी थे, जो अपने अंतिम दिनों में भी मुस्कुराते रहे। उन्होंने दो दशक से अधिक समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में रहते हुए समाज में सकारात्मक सोच और पारदर्शिता की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में समाज के सभी प्रबुद्ध लोगों का यह नैतिक दायित्व बनता है कि वे राकेश यादव के परिवार के साथ मजबूती से खड़े हों और हर संभव सहयोग करें।
इस अवसर पर अमित उपाध्याय, हेमंत कन्नौजिया, लल्लन बिंद, संतोष उपाध्याय, दयाराम यादव, गुड्डू सिंह, अखिलेश सिंह, गणेश गुप्ता, महमूद, आनंद सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता व पत्रकार मौजूद रहे।















