रेगुलेटर में डूबकर लकड़हारे की मौत, परिवार में मचा कोहराम, पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी
चंदौली : जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भोका रेगुलेटर पर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में लकड़ी बेचकर घर लौट रहे एक लकड़हारे की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जोगिया ग्राम सभा के सीतापुर गांव निवासी बाला लखंदर (35) मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह जंगल से लकड़ी लाकर बेचने का कार्य करता था और इसी से उसके परिवार की आजीविका चलती थी। सोमवार की सुबह भी वह लकड़ी बेचकर वापस अपने घर लौट रहा था। बताया जाता है कि भोका रेगुलेटर के पास से गुजरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा।
रेगुलेटर में पानी का बहाव अधिक होने और गहराई ज्यादा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पानी में गिरते देखा तो शोर मचाया, लेकिन तब तक वह गहराई में समा चुका था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है, ऐसे में कमाने वाले सदस्य की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।


















