मीटर रीडरों ने बिजली एक्सईएन का किया घेराव, चार महीने से नही हुआ मानदेय का भुगतान, समर्थन में उतरे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू

चंदौली : बिजली विभाग के लिए मीटर रीडिंग करने वाले संविदा मीटर रीडरों ने मानदेय का भुगतान नही होने से एक्सईएन विनोद कुमार का घेराव किया. आरोप लगाया की चार माह से मानदेय का भुगतान नही हुआ है. जिसको लेकर उनके ऊपर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. वही मीटर रीडरों के आह्वान के बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू मौके पर पहुंच गए. मनोज सिंह डब्लू की एंट्री ने पूरे मामले में राजनीतिक रंग दे दिया. पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने एक्सईएन से मुलाकात कर मीटर रीडरों की समस्या को पटल पर रखा. और बकाया मानदेय भुगतान के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी. चेताया कि इसके बाद वह संविदा कर्मचारियों के साथ बिजली विभाग के एमडी से मुलाकात करेंगे. संविदा मीटर रीडरों ने बताया कि उनके द्वारा नियमित रूप से कार्य किया जा रहा है. इससे बिजली विभाग के राजस्व का फायदा होता है. लेकिन चार माह से संविदा कर्मचारियों के मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है. जबकि इसके संबंध में अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया है.
आर्थिक तंगी व मानसिक प्रताड़ना झेल रहे मीटर रीडर
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि विद्युत विभाग को अपनी सेवाएं देने वाले मीटर रिडरों का मानदेय पिछले चार माह से ठेकेदार व संबंधित फर्म द्वारा रोक रखा गया है. जब भी मीटर रिडर अपने मानदेय की बात करते हैं तो ठेकेदार द्वारा मीटर रिडरों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है और उन्हें काम से निकालने की धमकी दी जाती है. पूर्व विधायक ने कहा कि मीटर रिडरों को पहले से ही बहुत कम मानदेय मिल रहा है. बावजूद इसके उसे चार माह तक रोक दिए जाने से इनके समक्ष अपना परिवार चलाना मुश्किल हो गया है. कहा कि आर्थिक तंगी व मानसिक प्रताड़ना झेल रहे मीटर रीडर अंततः अपने हक के लिए एक्सईएन कार्यालय पर धरनारत हुए और उन्होंने समस्या के समाधान के लिए मदद मांगी है. कहा कि बिजली विभाग के एक्सईएन से सकारात्मक ढंग से वार्ता हुई है. 10 जुलाई तक संविदा कर्मचारियों के बकाया मानदेय के भुगतान कराने का आस्वासन दिया है. अगर इसके बाद हीला हवाली हुई तो कर्मचारियों के साथ बिजली विभाग के एमडी से मुलाकात करूंगा.
इस बाबत एक्सईएन विद्युत ने बताया कि मामला संज्ञान में है. जिससे विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ ही संबंधित फर्म को अवगत करा दिया है. क्रमबद्ध तरीके से सभी मीटर रीडरों की समस्या को दूर कर दिया जाएगा. इस अवसर पर कृष्णा मौर्य, चंदन जायसवाल, बृजेश कुमार, मुकेश कुमार, दिलीप कुमार, संतोष यादव, सोनू चौहान, चंदन चौहान, विनोद चौहान, वीरेंद्र प्रताप, अक्षय, अतुल, अमित आदि उपस्थित रहे.
















