कागजों में पौधरोपण कर कीर्तिमान स्थापित कर रही भाजपा सरकार : मनोज सिंह डब्लू

555

कागजों में पौधरोपण कर कीर्तिमान स्थापित कर रही भाजपा सरकार : मनोज सिंह डब्लू

चंदौली : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू बुधवार को मरूई गांव के दौरे पर रहे. इस दौरान उन्होंने अपने पौधरोपण अभियान को गति प्रदान करते हुए पंचवटी पौध लगाए. इसके साथ ही पौधरोपण का कीर्तिमान स्थापित करने वाली यूपी सरकार को कटघरे में खड़ा किया. कहा कि सरकार कागजों पर पौधरोपण कर हरियाली लाने का सपना आम जनता को दिखा रही है, और इसकी आड़ में सरकार में बैठे लोग और अधिकारी बड़ा भ्रष्टाचार कर रहे हैं.

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि यूपी सरकार ने अबकी बार 36.50 करोड़ पौध लगाने का दावा किया है. अकेले चंदौली जनपद में 63 लाख पौध लगाने का लक्ष्य निर्धारित है. जिसमें डीएफओ के जानकारी के मुताबिक 62 लाख से अधिक पौध लगाए जा चुके हैं. जबकि 63 लाख पौध लगाए जाने शेष है. कहा कि यूपी सरकार की ओर से पौधरोपण को लेकर जारी किए गए आंकड़ों को लेकर जब कुछ विशेषज्ञ प्रोफेसरों से बातचीत की गयी तो उन्होंने बताया कि यूपी में 22 करोड़ पेड़ सही मायने में रोपित कर दिए जाएं तो यहां हरियाली लौट आएगी. साथ ही यहां का पर्यावरण संतुलित और शुद्व हो जाएगा. लेकिन सूबे के अधिकारियों को भ्रष्टाचार की ऐसी लत लग चुकी है कि वे पौधरोपण जैसे पावन मिशन में भी हेरफेर करने से बाज नहीं आ रहे हैं. कहा कि यदि धरातल पर पौध नहीं लगाए गए हैं तो उनकी खरीद के नाम पर आवंटित हुई धनराशि का बंटरबांट किया गया है. इस बात की प्रबंध आशंकाएं है. इसकी जांच होनी चाहिए. कहा कि जिला प्रशासन से जनपद चंदौली में लगाए गए पौधों की जानकारी और उनकी लोकेशन का विवरण मांगा है ताकि वे उन पौधों की देखरेख व संरक्षण बड़ा होने तक कर सके.