चंदौली पहुंचे राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, घायल सपा नेत्री गार्गी पटेल से की मुलाकात

118

चंदौली पहुंचे राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, घायल सपा नेत्री गार्गी पटेल से की मुलाकात

चंदौली : उत्तर प्रदेश सरकार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा शनिवार को चंदौली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर मारपीट की घटना में घायल समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की राजनीति करने का दावा करती है, लेकिन एक पटेल समाज की महिला नेता पर हमला होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस दौरान मंत्री के साथ कुछ कथित अपराधियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के सवाल पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि वह एक कार्यक्रम के दौरान संबंधित व्यक्ति के घर गए थे, जहां उनका सम्मान किया गया था। उन्होंने शिष्टाचार के नाते सम्मान स्वीकार किया था। इसका किसी प्रकार से अपराध या आपराधिक गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है। साथ ही वह भाजपा के कोई सदस्य नही है और न ही उन्हें कोई सदस्यता दिलाया गया है। अगर है तो सदस्यता नम्बर दिखाएं।

वहीं हमीरपुर में पुल टूटने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि यह प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण हुई घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की अखिलेश यादव सरकार के कार्यकाल में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार और लूट का माहौल था, जिसके कारण कई विकास कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हुई।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जता रही है तथा इसका परिणाम आगामी चुनाव में देखने को मिलेगा।

राज्यमंत्री के जिला अस्पताल पहुंचने और दिए गए बयानों को लेकर जिले की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है।