बाबा कीनाराम जन्मोत्सव के बाद संतों को कराया गया भंडारा, अंगवस्त्र व दक्षिणा देकर दी विदाई
चंदौली : रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में अघोराचार्य बाबा कीनाराम के तीन दिवसीय 427वें जन्मोत्सव समारोह के सकुशल एवं भव्य समापन के बाद रविवार को संतों के सम्मान में भंडारे का आयोजन किया गया। पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के दिशा-निर्देश में अघोर एवं वैष्णव संप्रदाय के सैकड़ों साधु-संतों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। इसके बाद संतों को अंगवस्त्र, दान-दक्षिणा एवं सम्मान के साथ विदाई दी गई।
इस दौरान पूरा मठ परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बाबा कीनाराम जी की जय’ के जयघोष से गूंज उठा। तीन दिनों तक चले जन्मोत्सव समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं, साधु-संतों और भक्तों ने बाबा कीनाराम की जन्मस्थली एवं तपस्थली रामगढ़ में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह के समापन के बाद रविवार को मठ में संतों के लिए विशेष भंडारे की व्यवस्था की गई। अघोर एवं वैष्णव संप्रदाय के सभी साधु-संतों को आदरपूर्वक भोजन कराने के बाद अंगवस्त्र एवं दक्षिणा भेंट की गई। मठ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं ने संतों को नम आंखों से विदाई दी।
मठ प्रबंधन ने प्रशासन व श्रद्धालुओं का जताया आभार
तीन दिवसीय बाबा कीनाराम जन्मोत्सव समारोह को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग देने वाले क्षेत्रीय ग्रामीणों, दूर-दराज एवं जनपद तथा गैर जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं, भक्तों और विभिन्न राज्यों से पहुंचे लोगों के प्रति मठ प्रबंधन ने आभार जताया। प्रधान व्यवस्थापक अरुण सिंह, महिला मंडल अध्यक्ष रूबी सिंह, व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह एवं धनंजय सिंह ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर मठ के प्रधान व्यवस्थापक अरुण सिंह, महिला मंडल अध्यक्ष रूबी सिंह, डॉ. संगीता सिंह, व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह, धनंजय सिंह, अभय कुमार पीके, अरविंद सिंह, रमेश राय, निलेश यादव, दिनेश सोनकर, अशोक कुशवाहा, धर्मेंद्र गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


















