यूपी-112 बनी जीवनरक्षक, त्वरित कार्रवाई से महिला की बची जान

70

यूपी-112 बनी जीवनरक्षक, त्वरित कार्रवाई से महिला की बची जान

चंदौली : जनपद में यूपी-112 की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई ने एक महिला की जान बचा ली। थाना अलीनगर क्षेत्र में एक महिला द्वारा विषाक्त पदार्थ एवं फिनायल का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सूचना मिलते ही पीआरवी कर्मियों ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर उपचार मिल सका और उसकी जान बच गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं पीड़ित सहायता के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सराहनीय कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को सुबह करीब 9:26 बजे यूपी-112 को इवेंट संख्या 06090 के माध्यम से सूचना मिली कि अलीनगर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने जहरीले पदार्थ और फिनायल का सेवन कर लिया है।

सूचना मिलते ही पीआरवी-7864 के कमांडर सहजानन्द चौधरी एवं पायलट संजय पाण्डेय तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर महिला की हालत गंभीर थी तथा उसके मुंह से झाग निकल रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी कर्मियों ने एम्बुलेंस का इंतजार करना उचित नहीं समझा और तत्काल महिला को परिजनों के साथ सरकारी वाहन से पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में महिला को भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने के कारण महिला की स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दे दी गई है, जिससे आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा सके।

यूपी-112 के कर्मियों की इस तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि पीआरवी टीम ने समय रहते निर्णय नहीं लिया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।