सुबह से शराब बिक्री का आरोप, नशेड़ियों के उत्पात से महिलाएं व छात्राएं परेशान, विडियो वायरल
चंदौली : चहनिया कस्बा स्थित ब्लॉक रोड पर देशी शराब की दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान पर निर्धारित समय से पहले ही सुबह करीब सात बजे से शराब की बिक्री शुरू हो जाती है। इससे सुबह के समय ही नशेड़ियों का जमावड़ा लगने लगता है और राहगीरों, महिलाओं तथा स्कूल जाने वाली छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह दुकान का दरवाजा खोलकर शराब निकालने के बाद उसे बंद कर दिया जाता है और कथित तौर पर चोरी-छिपे शराब की बिक्री जारी रहती है। आरोप है कि शराब महंगे दामों पर बेची जाती है। इस पूरे मामले से संबंधित एक वीडियो भी इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी स्थानीय स्तर पर चर्चा है।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब का सेवन करने के बाद नशे में धुत लोग सड़क पर आने-जाने वालों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और छात्राओं को होती है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की कथित अनदेखी के कारण यह स्थिति लगातार बनी हुई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
खास बात यह है कि शराब की दुकान जिस मार्ग पर स्थित है, उसी के आसपास प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्लॉक मुख्यालय, आंगनबाड़ी कार्यालय, पशु चिकित्सालय, जल निगम की पानी की टंकी, बैंक, मेडिकल स्टोर सहित कपड़ा और किराना की दुकानें तथा रिहायशी मकान और मंदिर भी हैं। ऐसे में सुबह से शराबियों के जमावड़े को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकृष्ट कराते हुए दुकान पर निर्धारित समय से पहले शराब बिक्री और कथित अनियमितताओं की जांच कराने तथा सार्वजनिक स्थान पर नशेड़ियों के उत्पात पर अंकुश लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो महिलाएं और ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।


















