बाबा कीनाराम जन्मोत्सव के अंतिम दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
चंदौली : रामगढ़ स्थित अघोराचार्य बाबा कीनाराम मठ में आयोजित तीन दिवसीय 427वें जन्मोत्सव समारोह के तीसरे एवं अंतिम दिन शनिवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से देर रात तक अघोरेश्वर पीठ में बाबा कीनाराम के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। दूर-दराज के क्षेत्रों से ट्रैक्टर-ट्रॉली, चारपहिया व दोपहिया वाहनों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल भी मठ पहुंचे। दिन चढ़ने के साथ भीड़ लगातार बढ़ती गई, जिससे व्यवस्था संभालने में पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बाबा कीनाराम के दर्शन की आस में श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहे। हर-हर महादेव और बाबा कीनाराम के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर दर्शन-पूजन करने के बाद प्रसाद ग्रहण कर अपने गंतव्य की ओर रवाना होते रहे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह और क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा पुलिस जवानों के साथ लगातार मठ परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे।
मेले में उमड़ी भीड़, बच्चों ने झूले-चरखी का लिया आनंद
जन्मोत्सव के अवसर पर लगे तीन दिवसीय मेले में भी भारी भीड़ रही। गुब्बारे, आइसक्रीम, चाट-पकौड़ी, जलेबी, मिठाई और महिलाओं के श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुटी रही। बच्चों ने झूले, चरखी, रेलगाड़ी और विभिन्न प्रकार के खिलौनों का जमकर आनंद उठाया। मेले में तरह-तरह के खिलौनों के साथ चीनी खिलौनों की भी खूब बिक्री हुई।

रामायण पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
सुबह नौ बजे से मंगला पाठक, मोहन तिवारी और दीपक यादव ने रामायण का पाठ प्रस्तुत किया। इसके बाद लोकनाथ महाविद्यालय रामगढ़ की छात्राओं तथा अमरज्योति सेवा केंद्र खड़ेहरा के दृष्टिबाधित बच्चों ने भोजपुरी भजन, लोकगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
दोपहर 12 बजे से संजय तिवारी साथीगढ़ के बाद हुनर रंगमंच संस्थान की ओर से ‘मेरे राम जी आएंगे’ का मंचन किया गया। कलाकार अरुण सिंह अनाड़ी, गायक उमेश राठौर, अभय पवार, प्रद्युम्न यादव और शैल बाला मिश्रा ने भक्ति गीत, भजन, लोकगीत और संगीत की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने बाबा कीनाराम के जन्मोत्सव पर सोहर गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दर्शक देर तक कार्यक्रम में डटे रहे और प्रस्तुतियों का आनंद उठाते रहे।

संगोष्ठी में बाबा कीनाराम के विचारों पर हुई चर्चा
सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ आयोजित संगोष्ठी में पूर्व प्राचार्य पीजी कॉलेज हरिश्चंद्र डॉ. गया सिंह, सीएन ओझा, आनंद सिंह और आयकर अधिवक्ता वाराणसी गंगेश पांडेय ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन धनंजय सिंह ने किया।

पूर्व सांसद ने किया दर्शन-पूजन
पूर्व सांसद राम किशुन यादव ने बाबा कीनाराम का दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि अघोरेश्वर बाबा कीनाराम सामाजिक समरसता के मूर्त रूप थे। उन्होंने अखंड भारत में समतामूलक समाज की अलख जगाई तथा भेदभाव, अस्पृश्यता, ऊंच-नीच और जमींदारी प्रथा का विरोध किया। उन्होंने समाज को समरसता के सूत्र में बांधने और नई दिशा देने का कार्य किया।

तीन दिनों तक चलता रहा प्रसाद वितरण
जन्मोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं, साधु-संतों और दर्शकों के लिए अन्नपूर्णा भवन में भोजन एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। एक साथ सैकड़ों श्रद्धालु बैठकर प्रसाद ग्रहण करते रहे। सफाई कर्मचारी और स्वयंसेवक तीनों दिन लगातार व्यवस्था में जुटे रहे।
बाबा कीनाराम जन्मोत्सव में चंदौली सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे।
भोर तक चलेगा बिरहा महामुकाबला
जन्मोत्सव के अंतिम दिन रात 10 बजे से तड़के साढ़े तीन बजे तक भोजपुरी लोकगीत एवं बिरहा महामुकाबले का आयोजन किया गया है। गायक विजय लाल यादव और रुचि यादव के बीच शानदार मुकाबला होगा। देर रात से अलसुबह तक बड़ी संख्या में दर्शक डटे रहकर बिरहा का आनंद उठाएंगे।
ये रहे मौजूद
इस दौरान प्रधान मठ व्यवस्थापक अरुण सिंह, मंडल अध्यक्ष रुबी सिंह, मठ व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह, सूर्यमुनि तिवारी, लोकनाथ महाविद्यालय के संस्थापक प्रबंधक धनंजय सिंह, सूर्यनाथ सिंह, डॉ. अखिलेश अग्रहरि, रमेश राय, डॉ. आशुतोष सिंह, राजेंद्र पांडेय, डॉ. संगीता सिंह, अभय कुमार पीके, दिनेश सोनकर, अशोक कुशवाहा, मुकेश निषाद, अरुण यादव, निलेश यादव, कुलदीप वर्मा, धर्मेंद्र गुप्ता, नंदू गुप्ता, प्रभात पाठक सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।









