कांग्रेस ने संविधान दिवस पर भाजपा-RSS पर साधा निशाना
चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय स्थित चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में बुधवार को संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया तथा केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि देश में दो विचारधाराएँ आमने–सामने खड़ी हैं। एक विचारधारा संविधान और समानता में विश्वास करती है, जबकि दूसरी जाति-धर्म के आधार पर समाज में वैमनस्य फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस की नीतियाँ पूँजीपतियों को लाभ पहुँचाने और किसान-मजदूरों को कमजोर करने वाली हैं। युवाओं में बढ़ती बेरोज़गारी भी बड़ी चुनौती बन चुकी है।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि भारतीय संविधान ने नागरिकों को समानता और स्वतंत्रता के मूल अधिकार प्रदान किए हैं, लेकिन वर्तमान सरकार इन अधिकारों को सीमित करने की दिशा में काम कर रही है। उनका कहना था कि कई संवैधानिक संस्थाओं पर राजनीतिक प्रभाव बढ़ता जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी दिनेश चंद्रा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से संवैधानिक मूल्यों की पक्षधर रही है। पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में गंगा प्रसाद, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, कुलदीप वर्मा, परमहंस सिंह राजपूत, शिव तपस्या तिवारी, हेमलता, जुगल किशोर पांडेय, दिलीप यादव, श्रीकांत पाठक, अमरदेव राम, मदन लाल, राकेश सिंह, राकेश पाठक, योगेंद्र सिंह, शमशेर खान, ज्ञान प्रकाश तिवारी, संतोष चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया।


















