काजीपुर हत्या कांड का खुलासा, सैयदराजा पुलिस ने पाँचों हत्यारों को दबोचा, हत्या के हथियार बरामद

173

काजीपुर हत्या कांड का खुलासा, सैयदराजा पुलिस ने पाँचों हत्यारों को दबोचा, हत्या के हथियार बरामद

चंदौली : सैयदराजा थाना क्षेत्र में 23 नवंबर को हुए बहुचर्चित हत्या कांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में वांछित पाँचों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस की लाठी, टूटी शराब की शीशी के टुकड़े और तीन एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की छानबीन में जुट गई है।

बाइक साइड को लेकर शुरू हुआ विवाद पहुंचा हत्या तक

जानकारी के अनुसार 23 नवंबर की रात काजीपुर स्थित शराब ठेके के पास मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। बाइक साइड देने को लेकर हुए विवाद में आरोपियों के भाई से गाली-गलौज और मारपीट हो गई। इसी रंजिश को निकालने के इरादे से आरोपियों ने युवक को रोककर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस की कड़ी मेहनत लाई रंग, सभी आरोपी पकड़े गए

घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मिली पुख्ता सूचना पर पुलिस टीम ने सबसे पहले सोगाई निवासी दिलीप पुत्र रामदुलार को काजीपुर शराब ठेके के पास से दबोच लिया। दिलीप की निशानदेही और मिले वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मकरानपुर निवासी अमित कुमार, मनीष कुमार और मकरानपुर-बगही कुंभापुर निवासी विमलेश कुमार व विजय को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा, शराब की टूटी हुई शीशी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पूरी टीम ने मिलकर किया खुलासा

इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वर प्रसाद पांडेय, एसआई अवधेश नारायण, रामकुमार दुबे, हेडकांस्टेबल नसीरुद्दीन हुमायु, संतोष सिंह चंदेल, दिनेश यादव, विरेश यादव, कांस्टेबल राजू सिंह, विष्णु प्रजापति और पवनेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।