चकिया में भाजपा की जीत पर जश्न, ढोल-नगाड़ों संग आतिशबाजी, मिठाइयों से बांटी खुशियां
चंदौली : पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के बेहतर प्रदर्शन से चकिया क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सोमवार को गांधी पार्क तिराहे पर भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए और जोरदार जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं ने नृत्य किया, जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की।
इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि चुनाव परिणामों ने देश की राजनीति को नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि असम में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है, वहीं पश्चिम बंगाल में पार्टी ने अपनी स्थिति को और मजबूत किया है। पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को बहुमत मिलने से सरकार गठन का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है।
पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास और सुशासन की राजनीति पर भरोसा जताया है।
नगर पंचायत चकिया के चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि इस जीत से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और सभी जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे।
मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा मिठाई वितरण कर खुशी मनाई जा रही है। वहीं पूर्व मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह संतोष ने मतदाताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उमाशंकर सिंह, प्रदीप मौर्य, संदीप गुप्ता आशु, कैलाश जायसवाल, सारांश केसरी, शुभम मोदनवाल, सुशील पांडेय, सभासद उमेश चौहान, बादल सोनकर, रवि गुप्ता, राहुल सोनकर, हिमांशु कश्यप, राजू माली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















