चन्दौली में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 1362 लीटर शराब संग एक गिरफ्तार
चंदौली : जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध देशी व अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार यादव के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम सोमवार को वाराणसी-चन्दौली मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पचफेडवा बाजार स्थित रिंग रोड ओवरब्रिज के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की घेराबंदी में ट्रक को रोक लिया गया।
जांच में ट्रक के अंदर प्लास्टिक से ढंके ढाले में छिपाकर रखी गई 145 पेटियों में कुल 1362 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। इसमें 20 पेटी ‘8 PM’ (प्रत्येक 180 एमएल) और 125 पेटी ‘ब्लूलाइम 6000’ (प्रत्येक 200 एमएल) शामिल हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से अंतू दीक्षित (21) निवासी कैमूर, बिहार को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 1400 रुपये नकद भी मिले।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह ट्रक चालक के साथ मिलकर वाराणसी से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे, जहां शराबबंदी के चलते इसकी मांग अधिक है। शराब किसकी है और किसे सप्लाई करनी है, इसकी जानकारी फरार चालक को ही है।
इस मामले में थाना अलीनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक धुरंधर प्रसाद समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे, जिनकी सतर्कता से यह बड़ी सफलता मिली।


















