चंदौली के प्रसिद्ध चिकित्सक को बॉलीवुड कलाकारों की श्रद्धांजलि

51

चंदौली के प्रसिद्ध चिकित्सक को बॉलीवुड कलाकारों की श्रद्धांजलि

यूपी TIMES18 : चंदौली के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं सैम हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. एस. ए. मुजफ्फर की पुण्यतिथि पर मुंबई में भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिंदी सिनेमा जगत के चर्चित कलाकार रघुबीर यादव, मुकेश तिवारी और इश्तेयाक खान ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में डॉ. मुजफ्फर के पुत्र एवं फिल्म निर्देशक जैगम इमाम भी मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान सभी कलाकारों ने डॉ. एस. ए. मुजफ्फर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके सामाजिक एवं मानवीय योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुजफ्फर ने अपना संपूर्ण जीवन चिकित्सा सेवा और मानव कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। पूर्वांचल, विशेषकर चंदौली क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में उनकी भूमिका सदैव याद की जाएगी।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता रघुबीर यादव ने कहा कि समाज में ऐसे व्यक्तित्व विरले होते हैं, जो अपने कार्यों से लोगों के दिलों में अमिट छाप छोड़ जाते हैं। उन्होंने डॉ. मुजफ्फर की सेवा भावना को प्रेरणादायी बताया।

अपने दमदार अभिनय के लिए प्रसिद्ध मुकेश तिवारी ने कहा कि डॉक्टर साहब ने चिकित्सा को केवल पेशा नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनाया। वहीं इश्तेयाक खान ने कहा कि डॉ. मुजफ्फर जैसे लोग समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं।

कार्यक्रम में कलाकारों ने जैगम इमाम और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. एस. ए. मुजफ्फर की स्मृतियां सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।

गौरतलब है कि रघुबीर यादव ने ‘लगान’, ‘पीपली लाइव’, ‘पंचायत’ और ‘मसान’ जैसी चर्चित फिल्मों और वेब सीरीज में अपने अभिनय से विशेष पहचान बनाई है। वहीं मुकेश तिवारी ‘गंगाजल’, ‘चाइना गेट’, ‘गोलमाल’ और ‘अपहरण’ जैसी फिल्मों में अपने प्रभावशाली किरदारों के लिए जाने जाते हैं। इश्तेयाक खान ने भी ‘जॉली एलएलबी’, ‘फंस गए रे ओबामा’ और ‘भारत’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई है।