सैकड़ों सांपों को काबू करने वाले गुलाब राम की सर्पदंश से मौत, परिवार में मचा कोहराम, छपरा गांव में सांप पकड़ने के दौरान हुआ हादसा, चार बार डसा तो बुझ गई जिंदगी
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के छपरा गांव में मंगलवार देर रात घर में सांप पकड़ने गए 38 वर्षीय गुलाब राम की सर्पदंश से मौत हो गई। विडंबना यह रही कि अब तक सैकड़ों सांपों को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ चुके गुलाब राम को इस बार सांप के हमले ने मौत की नींद सुला दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बलुआ सराय गांव निवासी गुलाब राम घरों में चूना-पेंट करने का काम करते थे। इसके साथ ही वह घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर निकले सांपों को पकड़ने का कार्य भी करते थे। अब तक वह सैकड़ों सांपों को पकड़कर काबू कर चुके थे और उन्हें जंगल में छोड़ देते थे।
मंगलवार की देर रात छपरा गांव निवासी शौकत अली ने अपने घर में निकले सांप को पकड़ने के लिए गुलाब राम को बुलाया था। गुलाब राम मौके पर पहुंचे और सांप को पकड़ भी लिया, लेकिन इसी दौरान उनकी पकड़ ढीली पड़ गई। मौका मिलते ही सांप ने उन पर लगातार चार बार हमला कर दिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और वह कुछ ही देर में अचेत हो गए।
आनन-फानन में ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची बलुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गुलाब राम की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता शिवपूजन, माता नगीना, पत्नी सुषमा, पुत्र हर्ष और पुत्री सिमरन का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस व्यक्ति ने वर्षों तक लोगों के घरों और आसपास से सांपों को पकड़कर उन्हें सुरक्षित रखने का काम किया, उसकी इस तरह मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।


















