हसनपुर में गंगा कटान रोकने की परियोजना का शिलान्यास, किसानों को मिलेगी बड़ी राहत
चन्दौली : जनपद के चहनिया ब्लॉक अंतर्गत ग्राम हसनपुर में सोमवार को सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा गंगा नदी के तट पर कटान निरोधक कार्य की महत्वपूर्ण परियोजना का विधिवत शिलान्यास एवं भूमिपूजन क्षेत्रीय विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने किया। इस दौरान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
सिंचाई विभाग की पहल से ग्रामीणों को मिलेगी राहत
विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह जनहितकारी योजना क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगी। गंगा तट पर लगातार हो रहे कटान से लोगों को अब राहत मिलेगी और उनकी खेती योग्य भूमि व घर सुरक्षित रह सकेंगे।
विधायक बोले – जनहित और विकास के लिए प्रतिबद्ध
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से गंगा कटान की समस्या से जूझ रही थी, जिससे उनकी जमीन और आशियाने पर संकट बना हुआ था। इस गंभीर समस्या को उन्होंने विधानसभा में मजबूती के साथ उठाया, जिसके परिणामस्वरूप सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा इस महत्वपूर्ण कार्य को मंजूरी मिली और आज उसका शिलान्यास संभव हो सका।
ग्रामीणों से कार्य में सहयोग की अपील
विधायक ने इस परियोजना में विभागीय अधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से यह कार्य शीघ्र पूरा होगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस कार्य में अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों का सहयोग करें, ताकि तटबंध निर्माण जल्द पूरा कर प्रभावित गांवों को गंगा कटान से सुरक्षित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक का आभार जताया।


















