चहनियां में सेंट जोसेफ विद्यालय का वार्षिकोत्सव ‘संकल्प 2026’ धूमधाम से सम्पन्न

39

चहनियां में सेंट जोसेफ विद्यालय का वार्षिकोत्सव ‘संकल्प 2026’ धूमधाम से सम्पन्न

चंदौली : चहनियां-भगवानपुर स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय में रविवार की शाम वार्षिकोत्सव ‘संकल्प 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने गणेश प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग सात सौ से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और शिव तांडव से हुई, जिसने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद बच्चों ने भगवान कृष्ण की विविध लीलाओं, मां दुर्गा की गाथा, पंजाबी व राजस्थानी गीतों के साथ-साथ फिल्मी धुनों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

मुख्य अतिथि साधना सिंह ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां की प्रतिभाएं भविष्य में हर क्षेत्र में नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें करियर के नए अवसर भी प्रदान करते हैं।

विशिष्ट अतिथि वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अंबरीष सिंह ‘भोला’ ने कहा कि बच्चों को जिस भी क्षेत्र में रुचि हो, उसमें आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। ‘संकल्प 2026’ जैसे आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करते हैं।

इस अवसर पर भाजपा नेता अरविंद पांडेय, एल. उमाशंकर सिंह, रामजी प्रसाद ‘भैरव’, दीनानाथ पांडेय, तहसीलदार सकलडीहा संदीप श्रीवास्तव, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज कुशवाहा, पवन मौर्य, प्रिंस मिश्रा, आरती झा, कौस्तुभ झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक तिवारी ने किया।