यातायात नियम तोड़ने वालों पर गिरी गाज, सख्त यातायात चेकिंग में 97 वाहन चालान, वसूला गया 98 हजार जुर्माना
चंदौली : पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीम ने सोमवार को जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, नो पार्किंग व क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 97 वाहनों का चालान किया गया। इससे पुलिस विभाग ने कुल 98 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) तथा क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर/यातायात के मार्गदर्शन व पर्यवेक्षण में यह अभियान प्रभारी यातायात के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस टीम ने शहर व आसपास के प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग की। अभियान में विशेष रूप से ऑटो, निजी व व्यावसायिक वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान कई वाहन चालकों को निर्धारित मानक से अधिक सवारी बैठाकर चलने, बिना हेलमेट, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने जैसे उल्लंघनों में पकड़ा गया। पुलिस ने मौके पर चालान की कार्रवाई की और नियम तोड़ने वालों को कड़ी चेतावनी दी।
यातायात पुलिस ने इस दौरान आमजन व वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि वाहन चलाते समय नशे की हालत में न हों, मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, अवयस्क को वाहन न सौंपें, ओवरलोड वाहन न चलाएं, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट और दोपहिया पर हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
प्रभारी यातायात ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे सघन चेकिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पर सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी है। हेलमेट और सीट बेल्ट जीवन रक्षा कवच हैं, इनका प्रयोग अवश्य करें – यातायात पुलिस चंदौली


















