सड़क किनारे लटके तने ने ली युवक की जान, परिजनों में मचा कोहराम
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मठिया गांव के पास बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक संदीप निषाद की मौत हो गई। सड़क किनारे झाड़ियों में छिपे शीशम के पेड़ के लटके सूखे तने से टकराकर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पूराविजयी गांव निवासी संदीप निषाद पुत्र विजय निषाद बाइक से गैस सिलेंडर लेकर टांडा बाजार की ओर जा रहा था। बाइक पर उसके साथ एक अन्य युवक भी सवार था। जैसे ही वे मठिया गांव के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे झाड़ियों में छिपे शीशम के तने से जा टकराई।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले आए तूफान में शीशम का पेड़ गिर गया था। रास्ता साफ करने के लिए पेड़ को बीच से काट तो दिया गया, लेकिन उसका मोटा हिस्सा अब भी सड़क की ओर खतरनाक ढंग से लटका हुआ था। झाड़ियों और सरपत से ढके होने के कारण यह दूर से दिखाई नहीं देता था।
टक्कर इतनी तेज थी कि संदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पीछे बैठा युवक बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए संदीप को टांडा बाजार के एक निजी क्लीनिक पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर परिजन उसे वाराणसी ले गए, जहां अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संदीप तीन भाइयों में मंझला था। बड़ा भाई विदेश में नौकरी करता है, जबकि छोटा भाई घर पर ही है। संदीप घर पर रहकर पढ़ाई कर रहा था। बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि सड़क पर लटके खतरनाक तने को हटाने की कई बार शिकायत की गई, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। लोगों ने प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।


















