24 घंटे में पुलिस की बड़ी कामयाबी, गुमशुदा तीन नाबालिग बच्चे सकुशल बरामद
चंदौली : थाना मुगलसराय पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर गुमशुदा तीन नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना या अपहरण की पुष्टि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंकड़हिया नई बस्ती निवासी नवाब अली ने 14 अप्रैल 2026 को थाना मुगलसराय में सूचना दी कि उनकी नाबालिग पुत्री एवं रिश्तेदारी के दो अन्य बच्चे 13 अप्रैल को बेचूपुर स्थित सेंट डेवियर स्कूल से पढ़ने के लिए निकले थे, लेकिन घर वापस नहीं लौटे। इस पर पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 169/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया, जिसके आधार पर बच्चों की लोकेशन गाजीपुर जनपद के मिश्र बाजार क्षेत्र में मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मिश्र बाजार स्थित कपूर नगर से तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।
पारिवारिक विवाद बना कारण
पूछताछ में सामने आया कि नाबालिग बालिका घर में पिता के शराब सेवन के बाद होने वाले विवाद और मां द्वारा मारपीट से आहत होकर घर छोड़कर चली गई थी। उसके साथ घनिष्ठता के चलते अन्य दो बच्चे भी स्वेच्छा से उसके साथ चले गए थे। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बच्चों को किसी ने बहला-फुसलाकर नहीं ले जाया था।
CWC के समक्ष पेश होंगे बच्चे
पुलिस ने बताया कि तीनों बच्चों को नियमानुसार बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जहां उनके संरक्षण और अभिरक्षा को लेकर निर्णय लिया जाएगा। बालिका ने अपने नाना के साथ रहने की इच्छा जताई है, जिसे समिति के समक्ष रखा जाएगा।
अभिभावकों को कड़ी चेतावनी
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभिभावकों को कड़ी चेतावनी दी जाए। साथ ही भविष्य में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बीट पुलिस को नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
बरामदगी टीम
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उप निरीक्षक सीताराम यादव, उप निरीक्षक मनोज कुमार तिवारी, महिला हेड कांस्टेबल शशि किरण राय सहित स्वाट व सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।


















