गंगा किनारे पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

45

गंगा किनारे पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

चंदौली : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कटेसर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गंगा नदी किनारे एक बबूल के पेड़ से लगभग 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार, सुबह नदी किनारे पहुंचे लोगों ने पेड़ से लटकता शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

पुलिस को मृतक के हाथ और गले में सफेद धातु का कड़ा व सिकड़ी मिली है। इसके अलावा युवक के हाथ पर “चिन्नम्मा” नाम का टैटू बना हुआ है, जिससे उसके दक्षिण भारतीय होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। युवक की पहचान होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।