अवैध खनन पर वन विभाग का शिकंजा, पत्थर लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, वन अधिनियम के तहत होगी कड़ी कार्रवाई
चंदौली : जनपद में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार की रात चंद्रप्रभा रेंज के अंतर्गत शिकारगंज अनुभाग में पत्थर लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। यह कार्रवाई चकिया रेंज और स्थानीय पुलिस के सहयोग से दुलहियादाई पहाड़ी के समीप चकिया-हाजीपुर मार्ग पर गश्त के दौरान की गई।
अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर के निर्देश पर वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गश्त कर रही टीम ने संदिग्ध गतिविधि देख ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका, जिसमें अवैध रूप से पहाड़ से पत्थर लोड किया जा रहा था। मौके पर ही वाहन को कब्जे में लेकर वन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
वन विभाग के अधिकारियों का कड़ा संदेश
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध कटान, कब्जा या खनन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की सख्ती का असर अब साफ दिखाई देने लगा है, जहां लगातार अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा रहा है।
वन विभाग की टीम ने दिखाई सक्रियता
बताया जा रहा है कि जब से चंद्रप्रभा रेंज की जिम्मेदारी वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार दुबे ने संभाली है, तब से वन संरक्षण और राजस्व वृद्धि दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वहीं, चकिया रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी कुमार चौबे ने भी क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए कई प्रभावी कदम उठाए हैं, जिससे वन क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
इस सख्त कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है और विभाग की आगे की रणनीति को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।
ये रहे मौजूद
इस कार्रवाई के दौरान वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार दुबे, उपवन क्षेत्राधिकारी आनंद दुबे, थाना प्रभारी चकिया अर्जुन सिंह, कस्बा इंचार्ज सुनील, वन दरोगा ऋषु चौबे सहित वन विभाग व पुलिस के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


















