मिशन शक्ति के तहत चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 माह से फरार 25 हजार का इनामी सोनू बिंद गिरफ्तार
चंदौली : सकलडीहा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मिशन शक्ति अभियान (फेज 5.0) के तहत सकलडीहा पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त सोनू बिंद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बीते करीब 10 माह से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर अलीनगर थाना क्षेत्र के लौंदा स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोल पंप के पास से गुरुवार देर रात करीब 12 बजे दबोच लिया।
नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला
पुलिस के अनुसार, जून 2025 में सकलडीहा थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला सामने आया था। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर लिया और उसके बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं, जिनमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ ही पाक्सो एक्ट भी शामिल है।
NBW के बाद भी फरार चल रहा था आरोपी
घटना के बाद से ही आरोपी सोनू बिंद फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 मार्च 2026 को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वहीं न्यायालय ने भी आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) और उद्घोषणा जारी कर दी थी।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष सकलडीहा भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार यादव, कांस्टेबल विकास कुमार और कांस्टेबल संदीप यादव शामिल रहे।


















