शराब की दुकान के खिलाफ फूटा महिलाओं का गुस्सा, दर्जनों महिलाओं ने एकजुट होकर खोला मोर्चा, दुकान हटाने की उठी मांग
चंदौली : जनपद के चहनियां क्षेत्र अंतर्गत विजई के पूरा गांव में शराब की दुकान (ठेका) खुलने को लेकर ग्रामीण महिलाओं में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। गांव के बाहर एकत्रित होकर महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताते हुए दुकान को तत्काल हटवाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि गांव के बीच शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल बिगड़ने का खतरा है। उनका आरोप है कि इससे क्षेत्र में अराजकता बढ़ेगी, जिससे आम लोगों के जीवन में शांति और सुरक्षा प्रभावित होगी।
अराजकता बढ़ने की आशंका, प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
महिला नेता प्रभावती और उर्मिला देवी ने कड़े शब्दों में विरोध जताते हुए कहा कि शराब की दुकान खुलने से गांव की बहन-बेटियों की सुरक्षा पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगेगा। इसलिए प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर इस दुकान को हटाना चाहिए।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
विरोध प्रदर्शन में मंगरी, चंदा, केवला, रेखा, शकुंतला, प्रभावती, मोहन, संध्या, उमा समेत दर्जनों महिलाएं शामिल रहीं। सभी ने एक सुर में दुकान बंद कराने की मांग की और चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
आबकारी इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे, समझाकर कराया शांत
इधर, मामले की सूचना मिलते ही आबकारी विभाग हरकत में आया। आबकारी इंस्पेक्टर दीपक ओझा मौके पर पहुंचे और महिलाओं से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन महिलाओं के तेवर यह साफ संकेत दे रहे हैं कि यदि प्रशासन ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो यह विरोध बड़ा आंदोलन का रूप ले सकता है।


















