छठ महापर्व पर यात्रियों के लिए बड़ी राहत, डीडीयू–गया के बीच रोज चलेगी अनारक्षित फास्ट पैसेंजर स्पेशल ट्रेन, बिहार जाने वालों को मिलेगी बड़ी सुविधा
चंदौली : आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। अपने घरों को लौट रहे श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। मंडल की ओर से 22 अक्टूबर से अगले आदेश तक प्रतिदिन एक अनारक्षित फास्ट पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जो पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) से गया जंक्शन के बीच दोनों दिशाओं में चलेगी।
यह विशेष ट्रेन रोज सुबह 9:00 बजे डीडीयू जंक्शन से रवाना होगी और मार्ग में चंदौली मझवार, भभुआ रोड, कुदरा, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, रफीगंज और गुरारू स्टेशनों पर ठहरेगी। गया पहुंचने के बाद यही ट्रेन वापसी में भी इन्हीं स्टेशनों पर रुकते हुए डीडीयू लौटेगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह ट्रेन “ओपन टाइमिंग” के साथ संचालित होगी, ताकि छठ पर्व के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और संभावित दबाव को देखते हुए संचालन में लचीलापन बना रहे।
रेल प्रशासन का कहना है कि छठ पर्व पर बड़ी संख्या में लोग डीडीयू, वाराणसी, चंदौली और आसपास के जिलों से उत्तर व दक्षिण बिहार की ओर यात्रा करते हैं। ऐसे में यह ट्रेन उन यात्रियों के लिए विशेष राहत लेकर आई है, जिन्हें अनारक्षित डिब्बों में यात्रा करनी होती है। इससे बिहार लौटने वाले श्रमिकों, छात्रों और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
छठ पर्व को लेकर इस समय मंडल के सभी स्टेशनों पर यात्री संख्या में जबरदस्त इजाफा देखा जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी द्वारा स्टेशनों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है ताकि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके। प्लेटफॉर्म पर घोषणाएं और दिशा-निर्देश लगातार प्रसारित किए जा रहे हैं।
मंडल प्रशासन ने बताया कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से डीडीयू मंडल के साथ-साथ गया, सासाराम, औरंगाबाद व आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा और सस्ता रेल विकल्प मिलेगा। छठ पर्व पर अपने घरों को लौट रहे श्रद्धालुओं को अब लंबी दूरी की ट्रेनों में भीड़ और टिकट की समस्या से राहत मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक भीड़ न बढ़ाएं, समय से पहले स्टेशन पहुंचें और यात्रा के दौरान अपने सामान व सुरक्षा का ध्यान रखें। यह कदम पूर्व मध्य रेलवे की उस सतत नीति का हिस्सा है, जिसके तहत प्रमुख त्यौहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए विशेष ट्रेनें चलाकर आमजन को राहत दी जाती है।
यह निर्णय छठ महापर्व की भावना और जनसुविधा दोनों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि हर श्रद्धालु अपने घर और घाट तक समय पर पहुंचकर सूर्य उपासना के इस महापर्व में सम्मिलित हो सके।


















