प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे, चकिया में भाजपा का घर-घर संपर्क अभियान तेज, योजनाओं व उपलब्धियों की दी जानकारी

61

प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे, चकिया में भाजपा का घर-घर संपर्क अभियान तेज, योजनाओं व उपलब्धियों की दी जानकारी

चंदौली : प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “नवनिर्माण के नव वर्ष – विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश” अभियान के तहत रविवार को नगर पंचायत चकिया के वार्ड नंबर 5 में व्यापक घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद स्थापित करते नजर आए।

अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर पत्रक वितरित किए और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा बीते 9 वर्षों की उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही आमजन की समस्याओं को भी सुना और उनके सुझावों को गंभीरता से लिया।

कार्यक्रम के दौरान जिला महामंत्री उमाशंकर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले 9 वर्षों में विकास, सुशासन और सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यापक सुधार हुआ है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता रही है, जिससे जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है।

नगर अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि यह जनसंपर्क अभियान सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम बन रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक कर रहे हैं और साथ ही उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान के लिए संबंधित स्तर पर अवगत भी करा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि “विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश” की परिकल्पना को साकार करने के लिए इस तरह के अभियान बेहद महत्वपूर्ण हैं, जिनसे जनता की भागीदारी सुनिश्चित होती है और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो पाता है।

अभियान के दौरान किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता, मीडिया प्रभारी शुभम मोदनवाल, राजकुमार जायसवाल, सभासद रवि गुप्ता एवं अरविंद खरवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।