चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, सब्जी के झोले में छिपाकर बाराबंकी से लाई जा रही थी खेप, सप्लाई से पहले दबोचे गए आरोपी
चंदौली : जनपद में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पड़ाव चौराहे के पास से 400 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
रविवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पड़ाव चौराहे के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद सब्जी के झोले में नीचे छिपाकर रखी गई 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
बाराबंकी से लाकर वाराणसी में करनी थी सप्लाई
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गंगाराम वर्मा और नीरज वर्मा निवासी ग्राम नेउला, थाना मसौली, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर बाराबंकी से यह मादक पदार्थ लेकर आए थे और पड़ाव चौराहे पर किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने वाले थे।
अपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार गंगाराम वर्मा के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इससे स्पष्ट है कि आरोपी पहले से ही नशे के कारोबार में सक्रिय रहे हैं।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 400 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन (रियलमी कंपनी), 240 रुपये नकद तथा सब्जी का झोला बरामद किया है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना मुगलसराय में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार (चौकी प्रभारी जलीलपुर) एवं उपनिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















