बनारस में खुलेंगे 100 मिनी विलेज मॉल, राशन की दुकान से लेकर रेस्टारेंट तक, एक छत के नीचे सबकुछ
वाराणसी : जिले में सौ से अधिक मिनी विलेज मॉल खोलने की तैयारी है. मिनी विलेज मॉल में सरकारी राशन की दुकान से लेकर जन सुविधा केंद्र, ग्रामीणों द्वारा तैयार तथा अन्य उत्पादों की दुकानों के साथ ही रेस्टोरेंट और शिक्षाप्रद मनोरंजन के संसाधन भी होंगे. योजना को मूर्त रूप देने के लिए सबसे पहले पिंडरा ब्लॉक का चयन किया गया है. यहां नवनिर्मित हाट बाजार को मॉडल विलेज मॉल के रूप में विकसित किया जाएगा.
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने बताया कि सभी आठ ब्लॉकों में विलेज मॉल खोलने के लिए ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है. जिले के 113 पंचायत भवन परिसर की खाली जमीन पर भी विलेज मॉल खोला जाएगा.
गांव की लाइब्रेरी में फ्री वाई-फाई
जनसंख्या और दूरी के हिसाब से विलेज मॉल का आकार और स्थान तय होगा. इसके साथ ही गांव की लाइब्रेरी के लिए न्याय पंचायतों में काम चल रहा है. यहां पर फ्री वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी. भविष्य में मिनी विलेज मॉल में लाइब्रेरी भी स्थापित होगी.
सीएम ने पिंडरा के हॉट बाजार का किया था शुभारंभ
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने सबसे पहले पिंडरा के नवनिर्मित हॉट बाजार का चयन किया है. बीते दिनों वाराणसी आए मुख्यमंत्री ने पिंडरा के हॉट बाजार का उद्घाटन किया था. इसे मॉडल विलेज मॉल बनाने का खाका खींचा जा रहा है.














