विश्व फोटोग्राफी दिवस पर न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी का भव्य आयोजन, पूर्वांचल के सैकड़ों छायाकार हुए शामिल

78

विश्व फोटोग्राफी दिवस पर न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी का भव्य आयोजन, पूर्वांचल के सैकड़ों छायाकार हुए शामिल

वाराणसी : विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर बुधवार को रामकटोरा स्थित श्री अन्नपूर्णा बैंक्वेट में न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी (NBCS) की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वाराणसी सहित पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में फोटोग्राफर एवं वीडियोग्राफर शामिल हुए। मुख्य अतिथि संस्था के संरक्षक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ NBCS के संस्थापक स्व. रवि पाण्डेय के छायाचित्र पर डॉ. विनय प्रकाश तिवारी द्वारा पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने का पेशा नहीं, बल्कि समाज की स्मृतियों और इतिहास को सहेजने वाली महत्वपूर्ण कला है। उन्होंने कहा कि “फोटोग्राफर केवल तस्वीर नहीं खींचता, वह समय को रोकता है।” शादी, पारिवारिक समारोह या समाज के किसी ऐतिहासिक क्षण को वर्षों बाद यादों में जीवंत रखने का काम फोटोग्राफर ही करता है।

युवा छायाकारों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने विश्व प्रसिद्ध फोटोग्राफर स्टीव मैककरी की चर्चित ‘अफगान गर्ल’ तस्वीर का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि किसी assignment को छोटा नहीं समझना चाहिए और किसी सामान्य से दिखने वाले पल को मामूली नहीं मानना चाहिए। संभव है कि वही क्षण भविष्य में इतिहास बन जाए। उन्होंने कहा कि आपकी जिंदगी का सबसे बेहतरीन photograph अभी बाकी हो सकता है।

डॉ. तिवारी ने महान फोटोग्राफर Henri Cartier-Bresson के ‘Decisive Moment’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि सही समय पर सही क्षण को पहचानना ही एक अच्छे फोटोग्राफर की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि यही सिद्धांत जीवन में भी सफलता का आधार बन सकता है।

AI को चुनौती नहीं, ताकत बनाएं

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव पर डॉ. तिवारी ने फोटोग्राफरों से तकनीक से डरने के बजाय उसे सीखने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिल्म कैमरे से डिजिटल कैमरा और फिर स्मार्टफोन तक तकनीक लगातार बदली है, लेकिन फोटोग्राफी खत्म नहीं हुई, बल्कि उसका स्वरूप बदलता गया।

उन्होंने कहा, “AI photographer को खत्म नहीं करेगा, लेकिन AI का इस्तेमाल करना जानने वाला photographer, AI नहीं जानने वाले photographer से जरूर आगे निकल सकता है।” उन्होंने युवाओं से AI, आधुनिक एडिटिंग तकनीक, ड्रोन, सिनेमैटिक वीडियोग्राफी और डिजिटल मार्केटिंग जैसी नई तकनीकों को सीखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महंगा कैमरा किसी को बड़ा फोटोग्राफर नहीं बनाता, बल्कि बड़ी और अलग नजर उसे बेहतर फोटोग्राफर बनाती है।

NBCS के साथ मजबूती से खड़े रहने का दिया भरोसा

डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि NBCS के संरक्षक के रूप में उनकी भूमिका केवल औपचारिक नहीं है। फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों के हित, सम्मान, तकनीकी विकास और भविष्य से जुड़े हर विषय में वह संस्था के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने NBCS को प्रशिक्षण, AI, नई तकनीक, व्यवसाय और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में मजबूत मंच के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही फोटोग्राफरों के लिए बीमा, आपातकालीन सहायता और उनके परिवारों के हित में योजनाबद्ध कार्य करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने फोटोग्राफरों को भावुक संदेश देते हुए कहा कि वे जीवनभर दूसरों की शादियों, बच्चों, माता-पिता और खुशियों की तस्वीरें सहेजते हैं। इसलिए अपने परिवार के साथ भी समय निकालकर तस्वीर जरूर खिंचवाएं, ताकि उनकी अपनी यादें भी सुरक्षित रह सकें।

फोटो प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ छायाकार बिनय रावल ने की। इसके बाद डॉ. विनय प्रकाश तिवारी एवं के.के. वाजपेयी ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में वाइल्डलाइफ, लैंडस्केप, पोर्ट्रेट, स्ट्रीट और वेडिंग फोटोग्राफी की तस्वीरें दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं।

NBCS अध्यक्ष रंजन गौड़ ने अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन की मजबूती और एकजुटता पर जोर दिया। सचिव एवं वरिष्ठ छायाकार अजय पाण्डेय ने संस्था का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की गतिविधियों तथा विश्व फोटोग्राफी दिवस के इतिहास की जानकारी दी।

इस अवसर पर वरिष्ठ छायाकार रत्नाकर अवस्थी को फोटोग्राफी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। वैवाहिक छायाचित्र प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छायाकारों को क्रमशः ₹1500, ₹1000 और ₹500 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बिनय रावल, अरविंद सिंह, अजय पाण्डेय, सूर्यकांत, आदेश श्रीवास्तव, रंजन गौड़, प्रिंस सिंह, राजेश सिंह, अमित राज, अभय श्रीवास्तव, प्रिंस बरनवाल, सतीश सहित काशी और पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में फोटोग्राफर एवं वीडियोग्राफर मौजूद रहे।