अवैध मिट्टी खुदाई में लगी दो JCV मशीनें सीज, ट्रैक्टर चालक फरार

190

अवैध मिट्टी खुदाई में लगी दो JCV मशीनें सीज, ट्रैक्टर चालक फरार

चंदौली : जिले के मुग़लसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कुंडा गाँव में अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खनन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर अवैध खनन में लगी दो JCV मशीनों को सीज कर लिया।

जानकारी के अनुसार, कुंडा गाँव में बिना किसी वैध अनुमति के ट्रैक्टर और JCV मशीनों की मदद से बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। स्थानीय ग्रामीणों ने इस अवैध गतिविधि की शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी। शिकायत मिलते ही खनन अधिकारी गुलशन कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों की छापेमारी की भनक मिलते ही ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया, जबकि JCV मशीनों को खनन अधिकारी ने तत्काल सीज कर लिया।

खनन अधिकारी गुलशन कुमार ने बताया कि अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस या अनुमति के खनन कार्य करने वालों पर जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई भी तय है।

ग्रामीणों ने प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाने की माँग की है। वहीं, खनन विभाग अब फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गया है।

सूत्रों के अनुसार, कुंडा गाँव और उसके आस-पास के इलाकों में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन हालिया कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।