पहलगाम हमले के खिलाफ जनाक्रोश, पाकिस्तान का झंडा जलाकर जताया विरोध

94

पहलगाम हमले के खिलाफ जनाक्रोश, पाकिस्तान का झंडा जलाकर जताया विरोध

चंदौली : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। हर तरफ शोक और आक्रोश का माहौल है। इसी क्रम में चंदौली जनपद के पड़ाव इलाके में क्षेत्रीय सामाजिक संस्था ‘आम जनमानस’ ने एक विशाल जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ रिटायर्ड सैनिक भी शामिल हुए और सबने एक स्वर में पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ आवाज बुलंद की।

रैली की शुरुआत पड़ाव क्षेत्र से हुई, जो मुख्य मार्गों से होते हुए विभिन्न बाजारों से गुजरी। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए देशभक्ति के नारे लगाए और पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की। आक्रोशित लोगों ने पाकिस्तान का झंडा जलाकर अपना गुस्सा जाहिर किया और आतंकवाद को पनाह देने वाले देशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

रिटायर्ड फौजियों ने भी उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

रैली में मौजूद रिटायर्ड फौजियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे राष्ट्रों के खिलाफ निर्णायक सैन्य कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में हमारे जवानों की शहादत व्यर्थ न जाए। वक्ताओं ने सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की और आम जनता से भी आह्वान किया कि वह देश की एकता और अखंडता के लिए सदैव सजग रहे।

सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से निकली रैली

इस दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से भारी पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। रैली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई, लेकिन प्रतिभागियों के चेहरे पर अपने देश के लिए गहरी चिंता और आक्रोश साफ नजर आ रहा था।