गंगा के आसमान में भारतीय वायुसेना का शौर्य, ‘विंग्स ओवर गंगेज’ के समापन पर पीएम मोदी करेंगे दीदार
चंदौली/वाराणसी : भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित भव्य एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगेज’ का आज रविवार को अंतिम दिन है। समापन समारोह के इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी नमो घाट से भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस, शौर्य और सामरिक शक्ति का दीदार करेंगे।
गंगा के ऊपर आसमान में लड़ाकू विमानों की गर्जना और हैरतअंगेज करतबों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया है। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और मिराज-2000 समेत करीब 52 लड़ाकू विमानों के हवाई प्रदर्शन से काशी का आसमान रोमांच से भर उठा है। वहीं, ‘काशी’, ‘ओंकार’ और भगवान शिव को समर्पित विशेष ‘त्रिशूल फॉर्मेशन’ दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।
वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एयरोबैटिक टीम के नौ हॉक विमान तिरंगे रंग का धुआं बिखेरते हुए आसमान में अद्भुत नजारा पेश कर रहे हैं। इसके साथ ही सारंग हेलीकॉप्टर टीम अपने शानदार तालमेल और रोमांचक करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रही है। दोपहर करीब 12 बजे से 2:30 बजे तक प्रस्तावित इस एयर शो को नमो घाट से अस्सी घाट के बीच विभिन्न घाटों से देखा जा सकता है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, चंदौली प्रशासन भी अलर्ट
प्रधानमंत्री सहित अन्य वीवीआईपी के आगमन और भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त की गई है। सुरक्षा के लिए 11 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जानकारी दी गई है। घाटों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बल सतर्क हैं।
वहीं, पड़ोसी जनपद चंदौली में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
‘विंग्स ओवर गंगेज’ का यह आयोजन भारतीय वायुसेना की तकनीकी क्षमता, अनुशासन और अदम्य पराक्रम का प्रदर्शन करने के साथ ही देश की सैन्य शक्ति और आत्मविश्वास का संदेश दे रहा है। गंगा की लहरों के ऊपर आसमान में भारतीय लड़ाकू विमानों की गर्जना काशी के लिए यादगार पल बन रही है।


















