नेगुरा हत्याकांड : पीड़ित परिवार से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल, दोषियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग तेज

128

नेगुरा हत्याकांड : पीड़ित परिवार से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल, दोषियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग तेज

चंदौली : सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नेगुरा गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर सोमवार को समाजवादी पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिजनों को ढाढ़स बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। सपा नेताओं ने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और 25 लाख रुपये का मुआवजा तत्काल प्रदान किया जाए।

सपा नेताओं ने इस घटना को प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था का प्रत्यक्ष उदाहरण बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे खुलेआम हत्या, लूट और बलात्कार जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित पक्ष को ही प्रताड़ित कर रही है।

दहशत में गांव, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

नेगुरा गांव में घटना के बाद से भय और दहशत का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस अभी तक घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे पुलिस की कार्यशैली और निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन छेड़ेगी।

समाजवादी पार्टी की चेतावनी

सपा नेताओं ने सरकार को चेताते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर जनता में भारी आक्रोश है और यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग मूकदर्शक बने हुए हैं, और पुलिस-प्रशासन आम जनता की सुरक्षा में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।

न्याय की लड़ाई में सपा पीड़ितों के साथ

प्रतिनिधिमंडल ने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार की हर स्तर पर मदद करेगी, और इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी के नेताओं ने स्थानीय प्रशासन से जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।

इन नेताओं की मौजूदगी

सपा प्रतिनिधिमंडल में सांसद बीरेंद्र सिंह, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज काका, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, पूनम सोनकर, जमील खान, मुस्ताक खान, इमरान सिद्दीकी, अयूब खान, योगेंद्र यादव चकरु, चंद्रशेखर यादव, अशोक त्रिपाठी, निरंजन कन्नौजिया और जितेंद्र कुमार सहित कई प्रमुख नेता शामिल रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक पार्टी चुप नहीं बैठेगी।