जनहित के छह प्रमुख मुद्दों को लेकर सपा का विशाल धरना, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

43

जनहित के छह प्रमुख मुद्दों को लेकर सपा का विशाल धरना, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

चंदौली : समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू के नेतृत्व में जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर शुक्रवार को जनहित के छह बड़े मुद्दों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में किसान, पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। धरना स्थल पर सरकार विरोधी नारों के बीच प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की गई।

धरने को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बिजली संकट और किसानों की समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह उदासीन बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है तथा बिजली के बढ़े हुए बिलों से उपभोक्ता परेशान हैं।

उन्होंने गंगा कटान की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि कटान प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों की सुरक्षा और पुनर्वास के लिए सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। वहीं सिंचाई के लिए नहरों में पर्याप्त पानी नहीं होने से किसान धान की रोपाई के समय भारी संकट का सामना कर रहे हैं।

पूर्व विधायक ने जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकियों पर तैनात ऑपरेटरों और चौकीदारों को मात्र पांच हजार रुपये मानदेय दिए जाने को भी अन्यायपूर्ण बताते हुए इसे तत्काल बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इतनी कम राशि में कर्मचारियों का परिवार चलाना संभव नहीं है।

धरना प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका, रमेश यादव सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की और चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

धरना कार्यक्रम के समापन पर पार्टी नेताओं ने प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए जनहित से जुड़े छह प्रमुख मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।