सरकारी शिक्षा बचाने के लिए सपा ने खोला मोर्चा, शिक्षक दिवस पर प्राथमिक विद्यालय में चौपाल, शिक्षकों का किया सम्मान, भाजपा सरकार पर लगाए स्कूल बंद करने के आरोप
चंदौली : शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी ने सरकारी विद्यालयों और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के ककरही-मनराजपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों का सम्मान किया। इसके बाद ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर सरकारी शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की गई।
सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब 26 हजार सरकारी विद्यालय बंद किए जा चुके हैं। इसका सबसे अधिक असर गरीब, वंचित और पीडीए समाज के बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों को कमजोर करना भाजपा सरकार की सोची-समझी नीति है, जिससे गरीब बच्चों के शिक्षा के अधिकार पर संकट खड़ा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद पड़े सरकारी विद्यालयों को फिर से संचालित कराया जाएगा। जहां आवश्यकता होगी, वहां नए विद्यालय खोले जाएंगे। साथ ही शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर युवाओं को रोजगार देने का काम किया जाएगा।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि जिस विद्यालय में लंबे समय से शिक्षण व्यवस्था सुचारु नहीं थी, वहां उनके कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही बीएसए के निर्देश पर शिक्षकों की तैनाती की गई और बच्चों को बुलाकर शिक्षक दिवस का कार्यक्रम कराया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि समाजवादी नेताओं के विद्यालय पहुंचने की जानकारी पर ही शिक्षक स्कूल पहुंचेंगे तो वे रोज विद्यालय पहुंचकर पाठशाला चलवाने का काम करेंगे।
इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने “सुनो पाठशाला की पुकार, सरकारी शिक्षा को बचाएगी समाजवादी सरकार” का नारा बुलंद किया। सपा नेता राकेश कुशवाहा ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जरूरत के अनुसार नए विद्यालय खोले जाएंगे और सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रामजनम यादव, हरदेव मौर्य, राजनाथ सिंह, बृजेश प्रधान, रामदुलारे यादव, भैरव खरवार, रमेश यादव, पप्पू शर्मा, भागवत गोंड, दयाराम, जगमेंद्र, फौजदार राम, केदार प्रसाद, ओमप्रकाश खरवार, अशोक कुमार सिंह, गामा यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरनाथ यादव, पूर्व प्रवक्ता उदय प्रताप कॉलेज ने की। संचालन संतोष उपाध्याय ने किया।


















